दूसरी सोमवारी को लेकर डीसी-एसपी ने किया अधिकारियों को ब्रीफ, विनम्रता और सेवाभाव से करें ड्यूटी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बैद्यनाथधाम : राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शनिवार को बी.एड. कॉलेज प्रांगण में संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी, अधिकारी एवं बाहर से आए पुलिस पदाधिकारियों को सामूहिक रूप से ब्रीफ किया।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला में सोमवारी के दिन सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में कांवरियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम जलार्पण सबसे बड़ी चुनौती है।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी विनम्रता, सेवाभाव और सजगता के साथ ड्यूटी करें। श्रद्धालुओं की कतार बिना गैप के आगे बढ़ती रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
डीसी ने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु हमारे राज्य की अच्छी छवि लेकर जाएं, इसके लिए सभी को पूरी कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करना है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेला में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी यहां के माहौल से परिचित हो चुके हैं। क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण कराया जा सके और शहर में जाम की स्थिति न बने।
उन्होंने बताया कि सभी ओपी और ट्रैफिक ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे। उनका दायित्व होगा कि उनके क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
ब्रीफिंग के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर ओपी और टीओपी की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी दूसरी सोमवारी को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों से सभी को अवगत कराया।
ब्रीफिंग में सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मी* उपस्थित थे।





