जन समाधान दिवस में डीसी की त्वरित पहल, 10 मिनट में बना हुसैन अंसारी का जाति प्रमाण-पत्र
पलामू : जन समाधान दिवस में विश्रामपुर प्रखंड के रेहला अंतर्गत पांडेयपुर ग्राम से पहुंचे 20 वर्षीय हुसैन अंसारी की समस्या का उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तत्काल समाधान सुनिश्चित किया।हुसैन अंसारी ने उपायुक्त को बताया कि भारतीय सेना में टेक्निकल पद पर चयन के लिए उन्हें शॉर्टलिस्ट किया गया है।इसके लिए निर्धारित सभी मानकों को वे सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर चुके हैं। आगामी 10 सितंबर को रांची में उनका फाइनल डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होना है, जिसके लिए जाति प्रमाण-पत्र आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि जाति प्रमाण-पत्र के लिए उन्होंने पूर्व में आवेदन किया था, लेकिन प्रमाण-पत्र निर्गत नहीं होने के कारण उनके चयन की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका थी। उन्होंने उपायुक्त के समक्ष अपनी परेशानी रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया और कहा, “10 मिनट में तुम्हारा जाति प्रमाण-पत्र यहीं से बनाकर दे रहे हैं।” इसके बाद संबंधित प्रक्रिया पूरी कराते हुए उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में हुसैन अंसारी को जाति प्रमाण-पत्र सौंपा।प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर हुसैन अंसारी ने राहत व्यक्त की।डीसी ने उन्हें भारतीय सेना में चयन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जन समाधान दिवस में आज भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता रोकने, अयोग्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा एवं कल्याण विभाग से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





