BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित,नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश


उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गयी।

बैठक में उपायुक्त ने सर्वप्रथम जुलाई माह में मादक पदार्थों के संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्राथमिकी की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित मामलों में अब तक की गयी कार्रवाई एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात डीसी श्री शेखावत  ने जिले में अफीम एवं गांजा जैसे मादक पदार्थों की तस्करी के संभावित रूटों की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील मार्गों एवं क्षेत्रों की पहचान करते हुए संबंधित विभागों एवं पुलिस पदाधिकारियों को इन मार्गों पर विशेष निगरानी एवं प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर के अनुपस्थित रहने पर उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित रहने तथा अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुपालन सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये।मौके पर पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी,सिविल सर्जन,जिला शिक्षा पदाधिकारी, फ़ूड इंस्पेक्टर संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।