प्रख्यात सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक गिरिवर प्रसाद सिंह का निधन,पंचतत्व में विलीन
पाटन प्रखंड अंतर्गत बिजरा गांव के निवासी एवं रजवाडीह मध्य विद्यालय में 18 वर्षों तक प्रधानाध्यापक सह निकासी व व्ययन पदाधिकारी रहे गिरिवर प्रसाद सिंह का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जिजोई नदी के तट पर उनके बड़े पुत्र सुदेश्वर प्रसाद सिंह ने मझोले पुत्र विजय सिंह व छोटे पुत्र अशोक सिंह सहित सैकड़ों शुभेच्छुओं की उपस्थिति में मुखाग्नि दी। उनके शिष्य परशुराम तिवारी जो वर्तमान में रजवाडीह मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक हैं,ने बिजरा स्थित उनके घर व जिजोई श्मशान घाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री तिवारी ने कहा कि सर के व्यक्तित्व व उनसे प्राप्त शिक्षा ने मेरे जीवन पर गहरा प्रभाव डाला है। उन्होंने जीवन पर्यन्त मुझ पर स्नेह व आशीर्वाद बनाये रखा। उन्होंने कर्त्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी से कभी भी रत्तीभर भी समझौता नहीं किया। वे बच्चों के हित को सर्वोपरि मानते थे। उनके निधन से हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है। वे 1998 में मध्य विद्यालय तीसीबार,विश्रामपुर से सेवानिवृत्ति हुए थे। उनके निधन पर रजवाडीह मध्य विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती निशा,प्रियंका कुमारी,पूनम रानी,शिक्षक विजय कुमार ठाकुर,लैब इंस्ट्रक्टर अनूप कुमार मिश्रा व मुन्ना तिवारी ने गहरा शोक प्रकट किया है।वहीं शिक्षाविद हरिशंकर मिश्र ने कहा कि उन्होंने प्रधानाध्यापक पद को एक नयी ऊंचाई दी है। शिक्षा के प्रति उनके योगदान का मिसाल दिया जाता रहेगा।





