काली कंबल वाले बाबा के स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी ऐतिहासिक भीड़
हुसैनाबाद। हुसैनाबाद के जपला स्थित अनुमंडल मैदान में काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में चल रहे निःशुल्क आरोग्य शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते पूरा अनुमंडल मैदान लोगों से खचाखच भर गया। शिविर में पलामू के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य लाभ की उम्मीद लेकर पहुंचे।
यह आयोजन पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के सौजन्य से तथा युवा नेता सूर्या सिंह के आयोजन में कराया जा रहा है। आरोग्य शिविर के साथ प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक भव्य श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जा रहा है।
शिविर स्थल पर सुबह से ही मरीजों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज से आए लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई परिवार अपने बुजुर्गों और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान मरीजों को लेकर शिविर में पहुंचे। दोपहर तक पूरा परिसर मरीजों और उनके परिजनों से भरा रहा।
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
शिविर में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए हुसैनाबाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ला और थाना प्रभारी चंदन कुमार स्वयं शिविर स्थल पर पहुंचे और सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ की स्थिति का निरीक्षण करते हुए लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और तत्परता के कारण शिविर स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली। आयोजकों की ओर से भी लोगों से कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
शिविर में लकवा, शुगर, बीपी, कमर दर्द, घुटने का दर्द, गठिया और निःसंतानता सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
दूसरे दिन उमड़ी भारी भीड़ से शिविर के प्रति लोगों की रुचि और उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण पूरे अनुमंडल मैदान में दिनभर चहल-पहल बनी रही।






