संतिविहार अपार्टमेंट में धूमधाम से मनाया गया लोकनाथ बाबा का जन्माष्टमी पर्व
दो दिवसीय उत्सव में अपार्टमेंट के सभी परिवारों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
जमशेदपुर। संतिविहार अपार्टमेंट में आलोक कर के घर पर लोकनाथ बाबा का जन्माष्टमी पर्व दो दिवसीय उत्सव के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस आयोजन में अपार्टमेंट के सभी परिवारों की सक्रिय भागीदारी रहती है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव अब क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है और लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है।
उत्सव के दूसरे दिन रविवार की सुबह से ही भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें संतिविहार अपार्टमेंट के लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
इस अवसर पर जमशेदपुर की प्रसिद्ध कलाकार तंद्रा मुखर्जी ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर भजन एवं भक्तिमय गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजकों ने बताया कि इस उत्सव का उद्देश्य लोगों को एक साथ जोड़ना और भक्ति एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है। अपार्टमेंट के सभी लोग मिल-जुलकर आयोजन की तैयारियों से लेकर कार्यक्रम के संचालन तक में सहयोग करते हैं। यही सामूहिक सहभागिता इस उत्सव को खास बनाती है।






