BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सांसद वीडी राम ने किशुनपुर में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में लिया भाग, सेविका-सहायिका सम्मानित


बच्चों से की आत्मीय मुलाकात, फल वितरित कर बढ़ाया उत्साह; पोषण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर दिया जोर

पलामू। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने पाटन प्रखंड के सांसद आदर्श ग्राम पंचायत किशुनपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका को सम्मानित किया तथा केंद्र में मौजूद बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनके बीच फल वितरित किए। सांसद ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण की कामना की।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, सेविका-सहायिकाओं सहित अन्य सहयोगी कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना और उनके कार्यों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी माताओं को पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की सरल एवं उपयोगी जानकारी दी गई। बच्चों को खेल, चित्रकला और गीत जैसी गतिविधियों से जोड़कर कार्यक्रम को रोचक बनाया गया।
बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में सेविका-सहायिकाओं की अहम भूमिका : वीडी राम
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाएं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। समाज के स्वस्थ और सशक्त भविष्य के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका बेहद अहम है।
उन्होंने सेविका-सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं और बच्चों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में वे महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
मौके पर वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, महिला मोर्चा प्रभारी रूपा सिंह, ईश्वरी पाण्डेय, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, मंडल अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, सुमन गुप्ता, धीरेन्द्र उपाध्याय, मंजु गुप्ता, मनोरंजन प्रसाद, संतोष पाण्डेय, श्रीकांत तिवारी, कुन्दन उपाध्याय, विकास उपाध्याय, पंकज तिवारी, निलिमा झा सहित बड़ी संख्या में सेविका-सहायिका एवं बच्चे उपस्थित रहे।