BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

नव नामांकित विद्यार्थियों का स्वागत, विश्व आदिवासी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित


शिक्षा से ही संभव है सर्वांगीण विकास : सुशील कुमार
भवनाथपुर (गढ़वा)। राजकीय कृत जमा दो उच्च विद्यालय, भवनाथपुर में सोमवार को वर्ग नौवीं एवं 11वीं के नव नामांकित विद्यार्थियों के स्वागत समारोह के साथ विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने नवागंतुक विद्यार्थियों का तिलक-चंदन एवं पुष्पवर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
स्वागत समारोह के दौरान वर्ग 12वीं की छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नव नामांकित विद्यार्थियों को विद्यालय की परंपराओं, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, वहीं आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं भगवान बिरसा मुंडा के योगदान पर प्रभावशाली भाषण भी प्रस्तुत किए। छात्रा मदीना परवीन एवं ऋतिका के ओजस्वी वक्तव्य ने विशेष आकर्षण बटोरा।
विद्यालय के वरीय व्याख्याता सुशील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही एकमात्र हथियार है, जिससे सभी प्रकार के दुर्व्यसन दूर किए जा सकते हैं और समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने आदिवासी समाज से प्रकृति प्रेम की सीख लेने की बात कही तथा विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
उप प्राचार्य मो. मोकारिम, अनय कुमार गुप्ता, रंजीत बर्नवाल एवं डॉ. आनंद कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं देश के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
प्रभारी प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार उपाध्याय ने कहा कि नव नामांकित विद्यार्थियों के स्वागत का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की परंपरा, संस्कृति, अपनत्व एवं अनुशासन की भावना विकसित करना है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और त्याग सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य सदस्यों को कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रकृति प्रेम के प्रतीक स्वरूप पौधारोपण भी किया गया।
अंत में व्याख्याता तेरेसा बाखला ने सभी अतिथियों, प्रबंधन समिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षक रोहित कुमार सिंह, रामु कुमार, उदित नारायण चौबे, डॉ. आनंद कुमार, राकेश कुमार वर्मा, मनोज कुमार, अरविंद कुमार, आदित्य कुमार, प्रशांत तिवारी, रंजीत बरनवाल सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।