BREAKING NEWS

logo

सत्र में देरी से भड़के नर्सिंग छात्र, परीक्षा-रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन


रांची: Ranchi University में शैक्षणिक सत्र की लगातार देरी और लंबित परिणामों से नाराज बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचकर NSUI के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। इस प्रदर्शन में झारखंड के अलावा लद्दाख और जम्मू-कश्मीर से आए छात्र भी शामिल रहे।

छात्रों का कहना है कि वे RIMS Ranchi में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण उनका पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। खासकर 2023-26, 2024-27 और 2024-28 बैच के विद्यार्थी सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई छात्रों का अब तक रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं हुआ है, जिससे उनकी पढ़ाई अधर में लटक गई है। वहीं 2022-26 बैच के छात्रों की अब तक केवल दो सेमेस्टर की परीक्षा ही हो सकी है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि वे पहले भी 2 फरवरी को विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

छात्रों के अनुसार परीक्षा और रिजल्ट में देरी का सीधा असर उनके करियर पर पड़ रहा है। उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया।

छात्रों ने मांग की है कि लंबित परीक्षाएं जल्द कराई जाएं, परिणाम समय पर जारी किए जाएं और सत्र को नियमित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि सत्र में आई गड़बड़ियों को सुधारने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार लंबित परिणाम जल्द जारी किए जाएंगे और सत्र को पटरी पर लाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। हालांकि छात्र अब आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहते हैं।