BREAKING NEWS

logo

मुजफ्फरपुर: राजद विधायक के चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


पटना,  बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र से पारू विधानसभा सीट से राजद विधायक शंकर राय के निजी चालक, 30 वर्षीय सूरज कुमार का शव उनके घर के समीप संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है।  शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे लालू छपरा गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि सूरज की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही राजद विधायक के समर्थक और शुभचिंतक भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे हैं।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पारू थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का ही प्रतीत होता है।

शरीर पर मिले निशानों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया है।

थानाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विधायक के करीबी कर्मी की इस तरह मौत होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस इलाके में गश्त बढ़ा दी है और मामले की तह तक जाने में जुटी है।