BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बेड़ो एनएच-23 से महरू तक सड़क जर्जर, ग्रामीणों ने दिया एनएच जाम का अल्टीमेटम


संवाददाता विकास कुमार

बेड़ो: प्रखंड के एनएच-23 बारीडीह से भसनंदा भाया महरू जाने वाली सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलजमाव के कारण वाहनों का चलना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक और विभाग की लापरवाही के कारण शिलान्यास के दो साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे आक्रोशित ग्रामीण बुधवार को सड़क पर उतर आए और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो एनएच-23 को जाम कर दिया जाएगा। बता दें कि इस सड़क का शिलान्यास 10 अक्टूबर 2024 को ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और सांसद सुखदेव भगत के द्वारा किया गया था। शिलान्यास के बाद से अब तक काम शुरू नहीं होने से जर्जर सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क जंगल बहुल क्षेत्र को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली मुख्य सड़क है और इस क्षेत्र की लाइफलाइन है। इसी मार्ग से ग्रामीण बेड़ो सब्जी मंडी आते-जाते हैं तथा स्कूली छात्र-छात्राएं विद्यालय आते-जाते हैं। इस अवसर पर पूर्व उपप्रमुख धनंजय कुमार राय, मुखिया प्रतिनिधि सुनील कच्छप, समाजसेवी बाणी कुमार राय, सुनील ओहदार, जगजीवन महतो, सरवन खान, मनोज गोप, अयनुल खान, बारीडीह के ग्राम प्रधान बिनोद उरांव, महरू के ग्राम प्रधान बंधन मुंडा, भसनंदा के ग्राम प्रधान मंगरा उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।