एसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों को दी चेतावनी
हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और वाहन के कागजात की हुई जांच, यातायात नियमों के पालन की अपील
मेदिनीनगर। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर यातायात पुलिस की ओर से शहर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखना और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की गई।
यातायात प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात समेत अन्य जरूरी नियमों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग करने तथा आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने वाले चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाती है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वाहन चेकिंग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने और वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
यातायात प्रभारी ने कहा कि एसपी के निर्देश पर इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि घर से निकलते समय वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल कर अपना और अपने परिवार की सुरक्षा की गारंटी करें.





