BREAKING NEWS

logo

गुलाब की पंखुड़ियों से सजा संत मरियम विद्यालय, नए सत्र में छात्रों का शानदार स्वागत


गुलाब की पंखुड़ियों से सजा संत मरियम विद्यालय, नए सत्र में छात्रों का शानदार स्वागत

मेदिनीनगर। संत मरियम विद्यालय में नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ नए अंदाज में किया गया। विद्यालय परिसर को गुलाब की पंखुड़ियों से इस तरह सजाया गया मानो पूरा परिसर विद्यार्थियों के स्वागत में स्वयं बिछ गया हो।

पहले ही दिन विद्यालय पहुंचे छात्रों के चेहरे पर उत्साह, हाथों में तिरंगा और मन में नई उम्मीदों की चमक साफ दिखाई दे रही थी। हर कदम पर बिछी गुलाब की पंखुड़ियां बच्चों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बन रही थीं। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नए सत्र के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि यह स्वागत केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के प्रति सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश के वीर सैनिक सीमाओं पर रहकर राष्ट्र की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार विद्यार्थी अपने परिश्रम और ज्ञान के माध्यम से देश को सशक्त बनाने की दिशा में अग्रसर होते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ा हथियार है, जिससे विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्र निर्माण की रणभूमि में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज गुलाब की पंखुड़ियां बिछाकर हम यह संदेश देना चाहते हैं कि आप सभी विद्यार्थी देश के भविष्य हैं, और आपका हर कदम राष्ट्र की प्रगति की दिशा तय करता है।

विद्यालय में इस विशेष स्वागत ने न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि उनके भीतर जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान की। 
विद्यार्थियों के स्वागत में प्राचार्य कुमार आदर्श, उप प्राचार्य एस. बी. शाहा, समन्वयक एकता सहाय, श्याम किशोर पांडे समेत समस्त शिक्षक मौजूद थे।