BREAKING NEWS

logo

रांची के रातू में सनसनी: अर्धनिर्मित मकान से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका


रांची: राजधानी के रातू थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चटकपुर स्थित छत्ताटोंगरी इलाके में एक अर्धनिर्मित मकान से एक युवक का शव बरामद हुआ। यह मकान पंडरा नदी के पास स्थित बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार सुबह मकान के पास से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को शक हुआ। जब वे अंदर पहुंचे तो एक युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना है और काफी फूल चुका था, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है।

मृतक के बारे में स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी मिली है कि वह नशे का आदी था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस शव की पहचान कराने और मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।