पांकी थाना पहुंचे एसपी कपिल चौधरी, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर CCTV, रात्रि गश्ती और वाहन जांच बढ़ाने पर जोर
पांकी। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को पांकी थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन, वारंट-कुर्की के मामलों, पासपोर्ट सत्यापन, अभिलेखों के संधारण सहित थाना परिसर की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने तथा नियमित वाहन जांच चलाने पर विशेष जोर दिया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने के साथ-साथ बैंकों, एटीएम, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी कपिल चौधरी ने फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित वारंट और कुर्की के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा। उन्होंने लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि थाना पहुंचने वाले आम लोगों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। आम लोगों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का भी निर्देश दिया गया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को ईमानदारी, अनुशासन और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। पुलिस और पब्लिक रिश्ते मधुर बने इसके लिए भी कार्य करने की जरूरत बताई।





