BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

शहीद विनय भारती की शहादत को चतरा पुलिस ने किया नमन




दीरीरदाग पहाड़ी मुठभेड़ में 8 अक्टूबर 2005 को दी थी सर्वोच्च बलिदान, प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प

रांची एक्सप्रेस संवाददाता

चतरा। कुछ शहादतें समय के साथ धुंधली नहीं होतीं, बल्कि हर वर्ष उनकी स्मृति और गहरी होती जाती है। चतरा में पदस्थापित तत्कालीन एसडीपीओ शहीद विनय भारती की शहादत भी जिले के इतिहास में ऐसा ही अमिट अध्याय है। नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान कर्तव्य की राह पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत विनय भारती को उनके शहादत दिवस पर चतरा पुलिस ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।शहादत दिवस के अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन समेत जिले के वरीय एवं कनीय पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने शहीद विनय भारती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने उनके अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए शहीद विनय भारती ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह हमेशा पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता।बताया गया कि 8 अक्टूबर 2005 को कुंदा थाना क्षेत्र के बनियाडीह स्थित दीरीरदाग पहाड़ी पर नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद विनय भारती समेत पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत आज भी चतरा के इतिहास में साहस और कर्तव्यपरायणता की मिसाल बनी हुई है।पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि शहीद विनय भारती की स्मृति को जीवंत रखने के लिए चतरा में उनकी प्रतिमा एवं पार्क स्थापित किया गया है। उनकी स्मृति में आयोजित होने वाले कार्यक्रम और फुटबॉल टूर्नामेंट युवाओं को उनके साहस, संघर्ष और देशसेवा की भावना से जोड़ने का काम करते हैं।उन्होंने कहा कि विनय भारती अब केवल एक नाम नहीं, बल्कि चतरा की वीरता और बलिदान की पहचान हैं। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्य, साहस और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करती रहेगी।बताया गया कि शहीद विनय भारती के बलिदान के बाद उनके परिजनों को मुख्यमंत्री सम्मान से भी नवाजा गया था। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित कर शहीद विनय भारती को नमन किया।