राष्ट्रीय खेल दिवस पर देवघर में 5-ए-साइड हॉकी प्रदर्शनी मैच, युवाओं में दिखा जोश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बाबू वेदानंद सिंह अखाड़ा में शनिवार को हॉकी देवघर के तत्वावधान में 5-ए-साइड प्रदर्शनी हॉकी मैच का आयोजन किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी में हॉकी के प्रति रुचि जगाना था।
प्रदर्शनी मैच का उद्घाटन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन कर किया गया। देवघर जिला परिषद के उपाध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन और टीम भावना का भी निर्माण करता है। देवघर में हॉकी सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हॉकी देवघर के सचिव प्रमोद प्रसाद यादव ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर इस तरह का प्रदर्शनी मैच खिलाड़ियों को प्रेरित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
हॉकी देवघर जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और जिले में हॉकी को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस मौके पर हॉकी देवघर के सचिव प्रमोद प्रसाद यादव, सदस्य घनश्याम राणा और बाबू वेदानंद सिंह अखाड़ा के मुख्य खेल प्रशिक्षक संजीव कुमार झा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी मैच के दौरान खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिला और दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।






