BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर समाहरणालय में शोक सभा का आयोजन, दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें दी भावभीनी श्रद्धांजलि


• आत्मा की चिर शांति के लिए 02 मिनट का रखा मौन.

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' के असामयिक निधन से पूरा प्रशासनिक महकमा मर्माहत है।

उनके निधन पर सोमवार को देवघर समाहरणालय के सभागार में जिला प्रशासन की ओर से एक भावपूर्ण शोक सभा का आयोजन किया गया।

शोक सभा की अध्यक्षता उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने की। इस दौरान उपायुक्त श्री भुवानियां, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सभी वरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और समाहरणालय के कर्मचारियों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने कहा कि सुदिव्य कुमार 'सोनू' एक अत्यंत सरल, सहज और कर्मठ जननेता थे। वे हमेशा जमीन से जुड़े रहे और आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देते थे। मंत्री के रूप में उन्होंने झारखंड में शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। देवघर और संताल परगना के विकास को लेकर उनकी सोच बहुत स्पष्ट थी। उनका असमय चले जाना न केवल राज्य सरकार के लिए बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि दिवंगत मंत्री का व्यक्तित्व सभी को साथ लेकर चलने वाला था। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उनका समन्वय हमेशा सकारात्मक रहता था। वे कानून व्यवस्था और जनहित के कार्यों में हमेशा प्रशासन का सहयोग करते थे।

अपर समाहर्ता हीरा कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गिरिडीह के विधायक के रूप में और फिर मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी कार्यशैली से लोगों के दिलों में जगह बना ली थी।

गौरतलब है कि सुदिव्य कुमार 'सोनू' का देवघर से विशेष लगाव था। पर्यटन मंत्री रहने के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रावणी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर वे हमेशा सक्रिय रहते थे और कई बार स्वयं देवघर आकर तैयारियों का जायजा लेते थे। उनके निधन से देवघर के लोगों में भी शोक की लहर है।

शोक सभा के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि हम सभी दिवंगत मंत्री के दिखाए गए जनसेवा के मार्ग पर चलकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दें।