बासुकीनाथ में अंतिम सोमवारी पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 1.55 लाख कांवरियों ने किया जलाभिषेक
• रात के 01 बजे से लगी कतारें.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 की अंतिम सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में एक बार फिर कांवरियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सावन की चौथी सोमवारी पर फौजदारी बाबा की नगरी बासुकीनाथ का कोना-कोना केसरिया मय हो गया।
बाबा नागेश की पूजा के लिए रात 01 बजे से ही तारा मंदिर रिंग रोड इंट्री प्वाइंट से शिवगंगा के उत्तर-पूर्वी छोर होते हुए कांवरिया क्यू और संस्कार मंडप तक लंबी कतारें लग गईं थीं। पौने दो बजे मंदिर का कपाट खुलने के बाद श्रृंगार अपशिष्ट की साफ-सफाई हुई और पुरोहित पूजन के बाद ढाई बजे से अर्घा के माध्यम से आम श्रद्धालुओं ने जलार्पण शुरू किया।
विधि-व्यवस्था पर दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, एसडीओ कौशल कुमार, एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, जरमुंडी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दयानंद साह, मंदिर ओपी प्रभारी श्यामानंद मंडल, मंदिर प्रभारी सह सीओ संजय कुमार, बीडीओ कुंदन भगत लगातार निगरानी बनाए हुए थे।
देर शाम तक कुल 1,55,206 कांवरियों ने जलाभिषेक किया, जिसमें कतारबद्ध होकर 1,08,954, अरघा से 40,554, शीघ्र दर्शनम से 2,050 और 3,648 डाक बम शामिल रहे।
शीघ्र दर्शनम से 10.25 लाख की आय:
• 500 रुपये प्रति भक्त की दर से 2,050 भक्तों ने वीआईपी गेट से पूजन किया, जिससे 10 लाख 25 हजार की आय हुई। कुल मिलाकर सोमवार को गुल्लक से 51,870 रुपये, दान पेटी से 2,01,920 रुपये और अन्य स्रोत से 5,246 रुपये सहित कुल 12,84,036 रुपये की आय मंदिर प्रबंधन को प्राप्त हुई।






