BREAKING NEWS

logo

डीसी की अध्यक्षता में लगा जनता दरबार, राशन कार्ड और पेंशन की समस्याएं हुईं ऑन द स्पॉट हल.


■ हर बुधवार प्रखंड-अंचल कार्यालय में लगे जनता दरबार, अंचल से जुड़े काम समय पर निपटाने का निर्देश 


अमित कुमार 
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिले के लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। 

जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, आवास और राजस्वसे जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की बातें सुनीं और कहा कि सभी शिकायतों की जांच कराकर जल्द समाधान कराया जाएगा।

जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मईंया सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन और राजस्व से संबंधित कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कराया गया। संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आम लोगों को प्रशासनिक परेशानियों से राहत दिलाने के लिए उपायुक्त ने सभी बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में हर बुधवार को नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाए। इसमें अधिक से अधिक शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए।

उपायुक्त ने अंचल से जुड़े कार्यों को तय समय सीमा में निपटाने का सख्त निर्देश अंचलाधिकारियों


को दिया। साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर एक सप्ताह के अंदर प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को भेजें, ताकि मामलों की निगरानी की जा सके।