पालोजोरी में नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : पालोजोरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि पीड़िता के परिजन किसी काम से घर से बाहर गए थे और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान डुमरिया गांव निवासी याकूब मियां के 26 वर्षीय पुत्र फरीद अंसारी ने घर में घुसकर उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर पड़ोस के घर में जाकर शरण ली।
शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। परिजनों ने घटना की लिखित शिकायत पालोजोरी थाना में दी।
शिकायत के आधार पर पालोजोरी थाना कांड संख्या 57/26 दिनांक 30.08.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी फरीद अंसारी, पिता याकूब मियां, ग्राम डुमरिया, पोस्ट आसना को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।






