BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मधुपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर अंचल पुलिस निरीक्षक ने की मासिक समीक्षा बैठक


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर (देवघर) : मधुपुर अंचल पुलिस निरीक्षक राउतू होनहांगा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र में घटित आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों, गिरफ्तारी की स्थिति, फरार अपराधियों की तलाश, सुरक्षा व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की रणनीतियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस निरीक्षक राउतू होनहांगा ने सभी थाना प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एक-एक कांड की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया और कहा कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्ध अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई से ही आम लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा।

पुलिस निरीक्षक ने फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। 

बैठक के दौरान क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए सक्रिय अपनाने पर विशेष बल दिया गया। राउतू होनहांगा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखें तथा अपराध की संभावनाओं को पहले ही चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां नियमित एवं सघन गश्ती अभियान चलाने के निर्देश दिए।साथ ही बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा महत्वपूर्ण संस्थानों के आसपास पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया। 

उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर सतत निगरानी रखकर किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बैठक में पुलिस निरीक्षक ने कहा कि जनता से प्राप्त सूचनाएं अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए पुलिसकर्मी आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। 

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो तथा अपराधियों के मन में कानून का भय बना रहे।

बैठक में बुढ़ैई थाना प्रभारी मनोरंजन महतो, करौं थाना प्रभारी दीपक किशोर भारती, मारगोमुंडा थाना प्रभारी शशी कपूर, पाथरोल थाना प्रभारी दिलीप बिलुंग, मधुपुर महिला थाना प्रभारी ललिता कुजूर सहित अनुमंडल क्षेत्र के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।