BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डीसी ने लगाया जनता दरबार, ऑन द स्पॉट हुआ राशन कार्ड और पेंशन का समाधान


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। 

इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और आवास से जुड़ी समस्याएं रखीं।

उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का 'ऑन द स्पॉट' समाधान कराया। राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मंईयां सम्मान योजना और पेंशन से जुड़े कई आवेदनों का संबंधित विभाग द्वारा मौके पर ही निपटारा किया गया। बाकी शिकायतों की भौतिक जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद भू-अर्जन और मुआवजा वितरण के लिए DLAO कार्यालय द्वारा विशेष कैंप लगाए जाएंगे, ताकि रैयतों को भुगतान में कोई असुविधा न हो। साथ ही आम जनता की सुविधा के लिए जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाने, बायोमेट्रिक अपडेट और सुधार के लिए भी जिला भर में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसका शेड्यूल मेला बाद जारी होगा।