BREAKING NEWS

logo

डीसी सौरभ भुवानियां का सख़्त निर्देश: खेल-पर्यटन की लापरवाह एजेंसियां होंगी ब्लैकलिस्ट.


• जमीन की दिक्कत हल करने सीओ से समन्वय का आदेश.

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : खेल और पर्यटन विभाग की लेटलतीफी पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने कड़ी नाराजगी जताई। शनिवार 20 जून को समाहरणालय सभागार में उन्होंने खेल एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और जिला पर्यटन संवर्धन परिषद डीटीपीसी की स्वीकृत जनकल्याणकारी व इंफ्रा योजनाओं की बिंदुवार प्रगति पर चर्चा हुई।  

डीसी ने साफ कहा कि विकास कार्यों में शिथिलता और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो एजेंसियां काम में देरी कर रही हैं या जिम्मेदारी से बच रही हैं, उन्हें चिन्हित कर तुरंत शोकॉज नोटिस जारी करें। ऐसी एजेंसियों को काली सूची यानी ब्लैकलिस्ट में डालने के लिए सक्षम प्राधिकार को अनुशंसा भेजी जाए। डीसी ने कहा कि ससमय कार्य पूरा न करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।  

बैठक में डीसी ने वर्षों से लंबित और धीमी गति वाली पुरानी योजनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अधर में लटकी योजनाएं न सिर्फ सरकारी राशि का नुकसान कर रही हैं, बल्कि जनता को खेल-पर्यटन की सुविधा से भी वंचित रख रही हैं। सभी शेष कार्यों को पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।  

खेल मैदान और पर्यटन स्थलों के निर्माण में आ रही भूमि उपलब्धता की समस्या पर डीसी ने अंचलाधिकारी से लगातार संपर्क कर स्थल चिन्हित और सीमांकन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अड़चनों के कारण कोई योजना लंबित नहीं रहनी चाहिए।  
  
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला परिषद-एनआरपी-स्पेशल डिवीजन के कार्यपालक अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।