देवघर: बरमसिया में खून से लथपथ मिला महिला का शव, किराए के मकान में हुई वारदात.
• बच्चों के रोने पर खुला राज, नगर थाना पुलिस पति की तलाश में जुटी.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया गांधीनगर में शुक्रवार देर रात एक महिला की हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद मृतका का पति फरार हो गया। मृतका की पहचान रानी देवी पति अजय कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के मुर्गीटोला की रहने वाली थी।
जानकारी के अनुसार रानी देवी देवघर में रहकर दाई का काम करती थी और इसी से अपने दो छोटी-छोटी बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी पिछले एक सप्ताह से ही बरमसिया गांधीनगर में किराए के मकान में रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार अहले सुबह बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी उनके दरवाजे पर पहुंचे। खिड़की से झांककर देखा तो अंदर रानी देवी का खून से सना शव फर्श पर पड़ा था और दोनों बच्चियां रो रही थीं। तत्काल लोगों ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के पति अजय कुमार की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद से दो मासूम बेटियां बेसहारा हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





