BREAKING NEWS

logo

देवघर: NEET UG 2026 के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद, 04 केंद्रों पर मॉक ड्रिल पूरी.


• CCTV, जैमर, मेडिकल टीम की तैनाती फाइनल. 

• रिपोर्टिंग टाइम पर पहुंचें, अफवाहों से बचें:- डीसी. 

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : रविवार 21 जून को होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त कराने के लिए शनिवार 20 जून को शहर के सभी 04 केंद्रों पर मॉक ड्रिल कराई गई। मकसद था सुरक्षा व्यवस्था और इंतजामों को अंतिम बार परखना।  

मॉक ड्रिल के दौरान अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, ट्रैफिक डीएसपी समेत कई दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी केंद्रों पर मौजूद रहे। उन्होंने परीक्षा कॉर्डिनेटर के साथ प्रवेश द्वार से परीक्षा हॉल तक की पूरी प्रक्रिया का रिहर्सल किया। फ्रिस्किंग, बायोमेट्रिक हाजिरी, CCTV लाइव फीड, जैमर की कार्यक्षमता और ट्रैफिक प्लान सब चेक किया गया। जिला प्रशासन ने साफ किया कि नकल और गड़बड़ी पर 'जीरो टॉलरेंस' रहेगा।  

भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए कई सुविधाएं रखी गई हैं। सभी केंद्रों पर बिजली कटौती से बचने को जनरेटर लगाया गया है। ORS घोल और ठंडे शुद्ध पानी के स्टॉल बनेंगे। हर केंद्र पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रहेगी ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर और विशेष सहायक की व्यवस्था भी की गई है।  

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से कहा कि एडमिट कार्ड में दिए गए रिपोर्टिंग समय के अनुसार ही केंद्र पर पहुंचें। पेपर लीक, पास कराने का झांसा या सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। अगर कोई ठग संपर्क करे तो तुरंत जिला प्रशासन या नजदीकी थाने को सूचना दें।  

*कहां-कहां है परीक्षा केंद्र :-*  

1. ए.एस कॉलेज, देवघर.  

2. देवघर कॉलेज, देवघर. 

3. रमा देवी बाजला महिला कॉलेज.  

4. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रिखिया.