दुर्गा पूजा पर "इनर व्हील क्लब" की पहल, वृद्धाश्रम और दिव्यांग बच्चों में बांटे नए वस्त्र और खेल सामग्री
दुर्गा पूजा पर "इनर व्हील क्लब" की पहल, वृद्धाश्रम और दिव्यांग बच्चों में बांटे नए वस्त्र और खेल सामग्री
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : शारदीय दुर्गा पूजा-2026 के पावन अवसर पर " इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर " ने सेवा और संवेदना की मिसाल पेश की। क्लब की ओर से समाज के जरूरतमंद वर्ग के साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत क्लब की सदस्या बुधवार, 07 अक्टूबर को चांदडीह स्थित वृद्धाश्रम पहुंचीं, जहां रह रहे बुजुर्गों के बीच नए वस्त्र और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही दिव्यांग बच्चों के बीच नए कपड़े, विभिन्न प्रकार की खेल-सामग्री और खाने के पैकेट वितरित किए गए, ताकि वे भी पर्व के उल्लास में शामिल हो सकें।
नए वस्त्र और उपहार पाकर बुजुर्गों और बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। क्लब की सदस्यों ने उनके साथ समय बिताया, बातचीत की, साथ में गाना गाया और त्योहार की खुशियां साझा कीं। बुजुर्गों का आशीर्वाद लेना और बच्चों के साथ आत्मीय पल बिताना कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक क्षण रहा।
यह सेवा कार्यक्रम, क्लब की अध्यक्षा डॉ. ममता किरण की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "दुर्गा पूजा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में अपनापन एवं सम्मान का भाव जगाने का अवसर है। हमारी छोटी-सी कोशिश यदि किसी बुजुर्ग के चेहरे पर मुस्कान और किसी बच्चे के चेहरे पर खुशी ला सके, तो यही हमारे लिए सबसे बड़ी सेवा है।"
कार्यक्रम में ट्रेजरर चंद्र प्रभा, सुषमा रानी, रेखा सिंघानिया, नमिता भगत, निशा जायसवाल, निशा गुप्ता, सावित्री गुप्ता, सरिता रानी, जूली, आरती झा, नीलिमा सिन्हा, प्रीति अग्रवाल, रंजना मुंदड़ा सहित क्लब की अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
उल्लेखनीय है कि " इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर " द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न सेवा परियोजनाएं चलाई जाती हैं। इसी क्रम में दुर्गा पूजा-2026 को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।






