■ नेपाल और पश्चिम बंगाल से आ रहे शिवभक्त, मंदिर में गूंजा "बोल बम" और "हर हर महादेव" का नारा.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बैद्यनाथधाम (देवघर) : श्रावणी मेला- 2026 के विधिवत उद्घाटन में अभी कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन बाबा नगरी, देवघर में अभी से ही कांवरियों का आना शुरू हो गया है।
शनिवार को बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में कांवर की रून-झुन की आवाज सुनाई देने लगी। मंदिर परिसर में "बोल बम" और "हर हर महादेव" के जयकारे भी गूंजने लगे हैं।
स्थानीय पुरोहित समाज से जुड़े किशोर कुमार झा और संजय प्रसाद झा ने बताया कि बांगला पंचांग के अनुसार 17 जुलाई 2026 से ही बांगला सावन शुरू हो चुका है।
बांग्ला पंचांग में संक्रांति से संक्रांति तक सावन मनाया जाता है। इसी कारण पश्चिम बंगाल और नेपाल के शिवभक्त बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण के लिए अभी से बाबाधाम पहुंचने लगे हैं।
वहीं मिथिला पंचांग के अनुसार सावन 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन श्रावणी मेला की मुकम्मल तैयारी में जुट गया है।
सावन शुरू होते ही कांवरियों का जो उत्साह और उमंग देखने को मिलता है, उसका देवघर वासियों को बेसब्री से इंतजार रहता है।






