BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर एम्स में नमो जल सेवा की शुरुआत


• गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने किया उद्घाटन

अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, संकल्प, समर्पण और संस्कृति के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देवघर "एम्स" में एक नई पहल की शुरुआत हुई।

गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बुधवार, 09 सितंबर को "नमो जल सेवा" के नाम से शुद्ध पेयजल सेंटर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा में जो मानक स्थापित किए हैं, उसी से प्रेरणा लेकर यह जनसेवा का कार्य किया जा रहा है। 
देवघर "एम्स" में रोजाना हजारों मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए आते हैं, जिन्हें शुद्ध पेयजल की सख्त जरूरत होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस सेंटर की स्थापना की गई है।

उन्होंने बताया कि 'नमो जल सेवा' केवल एक वाटर सेंटर नहीं, बल्कि सेवा भाव का प्रतीक है। इसका उद्देश्य लोगों तक स्वच्छ और शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। सांसद के अनुसार, यह सुविधा धीरे-धीरे पूरे गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के लगभग  08 लाख लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। आने वाले समय में लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, अस्पतालों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ऐसे जल सेवा केंद्र लगाए जाएंगे।

इस कार्य के लिए सांसद ने दवा कंपनी डीवी लैब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीवी किरण का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डीवी लैब के सहयोग से यह जनहित का कार्य संभव हो पाया है। कंपनी ने सामाजिक दायित्व के तहत इस सेवा कार्य में अपना सहयोग दिया है, जो सराहनीय है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र है - सेवा ही संगठन है और इसी मंत्र को लेकर गोड्डा लोकसभा में लगातार जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। "नमो जल सेवा" उसी कड़ी का एक हिस्सा है।

उद्घाटन समारोह में अरुण गुटगुटिया, मुकेश पाठक, देवता पांडेय, हरिकिशोर सिंह, श्रीराम सिंह समेत भाजपा के कई स्थानीय नेता कार्यकर्ता, "एम्स" के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे। लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि गर्मी के मौसम और भीड़ वाले अस्पताल परिसर में शुद्ध पानी की उपलब्धता से मरीजों और परिजनों को काफी राहत मिलेगी।