BREAKING NEWS

logo

07 वर्षों से नहीं हुई बाबा बैद्यनाथ साइन बोर्ड की बैठक, सीएम को देवघर-बासुकीनाथ की चिंता नहीं:- निशिकांत दूबे.


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 से ठीक पहले गोड्डा सांसद निशिकांत दूबे ने राज्य सरकार पर बाबा मंदिर प्रबंधन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 07 वर्षों से बाबा बैद्यनाथधाम-बासुकीनाथ मंदिर साइन बोर्ड की बैठक नहीं हुई है।

शनिवार को देवघर में मीडिया से बात करते हुए सांसद ने कहा, "मुझे साइन बोर्ड की बैठक का नोटिस मिला। 07 साल बाद मौका मिला था कि बाबा, श्रद्धालुओं, फूल वालों और दुकानदारों के बारे में बात करूं। लेकिन मुख्यमंत्री ने इस बार भी बैठक नहीं की। यह चिंतनीय है।"

सांसद ने आरोप लगाया कि विधानसभा से कानून पास कर साइन बोर्ड बनाया गया है, जिसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री होते हैं। लेकिन वे 07 साल से बैठक ही नहीं कर रहे। 

"पिछले 7 साल का हिसाब-किताब देखिए। रांची में पोस्टेड एक हसेड़ी अधिकारी ने बाबा का पैसा लूटा है। साइन बोर्ड में बड़े पैमाने पर चोरी हुई है। बैठक न करने के पीछे डर यही है कि अधिकारी नप जाएंगे," सांसद ने कहा।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार से 125 करोड़ की लागत‌ से बना बाबा मंदिर कॉम्प्लेक्स आज भी अधूरा पड़ा है। हाईकोर्ट का आदेश आए 03 साल हो गए, लेकिन प्रशासन और मुख्यमंत्री उसे नहीं मान रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग* के सचिव मुकेश कुमार द्वारा 21 जुलाई 2026 को एक पत्र जारी किया गया था। पत्र संख्या: पर्यटन/यो-77/2015-1153 में कहा गया था कि दिनांक: 25.07.2026 को दोपहर 12:30 बजे देवघर सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बाबा बैद्यनाथधाम बासुकीनाथ तीर्थ क्षेत्र विकास प्राधिकार की बैठक होगी। इसमें श्रावणी मेला 2026 की तैयारी पर भी चर्चा होनी थी।
इसी पत्र का हवाला देते हुए सांसद ने कहा कि 7 साल बाद नोटिस तो मिला, लेकिन बैठक नहीं हुई।

बाबा की कृपा से मेला होगा संपन्न: सांसद  

सांसद ने कहा उन्हें विश्वास है कि श्रावणी मेला बाबा की कृपा से ही संपन्न होगा। लेकिन व्यवस्था के लिए सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

इस दौरान उनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा कई स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद थे।