रील्स बनाने की सनक पड़ी भारी, चेकडैम में डूबने से दो किशोरों की मौत
• गांव में पसरा मातम
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : मोबाइल पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत रविवार को दुमका जिले में दो युवकों के लिए काल बन गई।
हंसडीहा थाना क्षेत्र में धोबेय नदी पर बने चेकडैम में रील बनाने के दौरान दो युवक तेज बहाव में डूब गए, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बभनखेता पंचायत के तेतरिया गांव निवासी उमेश कुमार (18 वर्ष), पिता राजेंद्र कुमार और हंसडीहा पंचायत के हथगड़ मोहल्ला निवासी रमन कुमार (19 वर्ष), पिता संतोष मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे हंसडीहा के कुछ युवक टोटो लेकर तेतरिया गांव पहुंचे और उमेश को अपने साथ ले गए। ये सभी युवक आपस में स्कूल के साथी थे। बताया जाता है कि सभी दोस्त धोबेय नदी के चेकडैम पर रील बनाने गए थे। रील बनाने के चक्कर में उमेश और रमन पानी में उतर गए। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। दोनों को तैरना नहीं आता था, जिससे वे संभल नहीं पाए और डूब गए।
घटना के बाद साथ आए दोस्त घबरा गए और टोटो लेकर मौके से फरार हो गए। करीब दो घंटे बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में चेकडैम पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को पानी से बाहर निकाला।
मृतक उमेश के पिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि बेटा घर से दोस्तों के साथ निकला था, लेकिन उसके साथ ऐसा हादसा हो जाएगा, कभी सोचा नहीं था। वहीं रमन के परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल कुमार सानू को भी जानकारी दी गई, जिसके बाद वे भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि रील्स के चक्कर में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब और चेकडैम जैसे खतरनाक जगहों पर रील बनाने से बचें।






