BREAKING NEWS

logo

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का आदेश


झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का आदेश: 
'योग दिवस' पर मिड डे मील बंद, शिक्षक-कर्मी रहेंगे उपस्थित  

• गतिविधियों की फोटो-डिटेल गुगल शीट पर अपलोड करने का निर्देश.  


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय 'योग दिवस' के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने पत्रांक SPE/51/72/2026/2469 दिनांक 19.06.2026 जारी कर सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश भेजे हैं।  

पत्र के अनुसार 20 जून 2026 शनिवार और 21 जून 2026 रविवार को योग दिवस के अवसर पर राज्य के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। योग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।  
  
शिक्षा परियोजना परिषद ने स्पष्ट किया है कि उक्त दोनों दिनों में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन यानी मिड डे मील का संचालन नहीं किया जाएगा।  

राज्य परियोजना निदेशक ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि 21 जून को विद्यालयों में आयोजित योग गतिविधियों के आंकड़े, फोटोग्राफ और अन्य विवरण 'गुगल शीट' में भरकर अपलोड करें। लिंक https://docs.google.com/spreadsheets/... दिया गया है। समेकित रिपोर्ट राज्य कार्यालय के जरिए शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को समय पर भेजी जाएगी।  

पत्र की प्रतिलिपि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, सभी उपायुक्त और झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।