देवघर में लोक लेखा समिति की बैठक सम्पन्न, लंबित ऑडिट आपत्तियों पर जताई नाराजगी
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 25 अक्टूबर को देवघर परिसदन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति मनोज कुमार यादव ने की।
बैठक में समिति के सदस्य बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी और कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ कैग रिपोर्ट और स्थानीय निकायों के ऑडिट में वर्षों से लंबित आपत्तियों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
समिति ने स्पष्ट कहा कि सामान्य, सामाजिक, आर्थिक और राजस्व प्रक्षेत्र से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई अधूरी है। विशेष रूप से वर्ष 2008-09 से 2019-20 तक की सीएजी रिपोर्ट में दर्ज आपत्तियों और वर्ष 2014-15 के स्थानीय निकायों के वार्षिक तकनीकी निरीक्षण प्रतिवेदन में लंबित कंडिकाओं का जल्द निराकरण होना चाहिए।
सभापति मनोज कुमार यादव ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में लोक लेखा समिति से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए एक नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति अनिवार्य है। इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए ताकि शासन और विधानसभा के बीच बेहतर समन्वय बन सके।
बैठक में वन, पुलिस, खनन, प्रदूषण, निबंधन, पंचायती राज, उत्पाद, परिवहन, वाणिज्य कर, ऊर्जा, आपूर्ति, भू-अर्जन, नगर निगम सहित एक दर्जन से अधिक विभागों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समिति ने सभी विभागों को कृत कार्रवाई प्रतिवेदन समय पर जमा करने और आपत्तियों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।


.jpg)



