BREAKING NEWS

logo

SIR-2026: देवघर में वालंटियर्स का दूसरा बैच प्रशिक्षित, 610 स्वयंसेवकों को दी गई जिम्मेदारी.


■ शिल्पग्राम ऑडिटोरियम में बीएलओ सहयोग के लिए फील्ड वर्क और तकनीकी प्रक्रिया का प्रशिक्षण.  

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले में तैयारी तेज है। 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां के निर्देश पर बीएलओ के सहयोग के लिए चयनित वालंटियर्स का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज शिल्पग्राम ऑडिटोरियम, नंदन पहाड़ में संपन्न हुआ।

सोमवार 29 जून को आयोजित प्रथम एवं द्वितीय पाली के सत्र में मधुपुर, मधुपुर नगर परिषद, मारगोमुण्डा, सारठ, पालाजोरी और करमाटांड़ क्षेत्र के कुल 610 वालंटियर्स शामिल हुए। 

पूरे जिले से बीएलओ की मदद के लिए कुल *1,245 वालंटियर्स* नामांकित किए गए हैं। प्रशिक्षण को दो चरणों 27.06.2026 और 29.06.2026 में बांटा गया है।

अधिकृत मास्टर ट्रेनर्स ने वालंटियर्स को फील्ड वर्क, तकनीकी बारीकियों और मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, सुधार करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण का उद्देश्य बीएलओ को सहयोग कर त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।

उप निर्वाचन पदाधिकारी सगरी बराल ने बताया कि SIR-2026 का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी योग्य नागरिकों का नाम सूची में शामिल करना और एक पारदर्शी मतदाता सूची बनाना है। सभी वालंटियर्स को प्रशिक्षण में सीखी बातों का पालन कर निष्ठा से बीएलओ का सहयोग करने का निर्देश दिया गया।