देवघर में बेलगाम हुए उचक्के, दिनदहाड़े हो रही छिनतई से शहर में दहशत
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बैद्यनाथधाम (देवघर) : देवघर के शहरी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही छिनतई और झपटमारी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। महिलाएं, बुजुर्ग और बैंक से पैसे निकालने वाले लोग अपराधियों के निशाने पर हैं।
इस गंभीर मुद्दे को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जिला प्रशासन से अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। लोग अब अपने ही शहर में भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस के हाथ खाली हैं।
उन्होंने हाल की दो बड़ी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगभग एक सप्ताह पहले वीआईपी चौक के समीप एक बुजुर्ग व्यक्ति से भरे बाजार में ढाई लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया गया था। यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस की इस सुस्ती से अपराधियों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को एक और घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। सत्संग चौक के आगे एक बैंक से रुपये निकालकर जा रहे एक रिटायर्ड दारोगा को अपराधियों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने बड़ी ही शातिर तरीके से ब्लेड से उनका बैग काट दिया और बैग के अंदर रखे हैंडबैग में रखे 10 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। एक पूर्व पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह की घटना होना बताता है कि आम आदमी कितना असुरक्षित है।
श्री कुमार ने मांग की है कि देवघर पुलिस अधीक्षक को इस मामले में विशेष अभियान चलाना चाहिए। भीड़-भाड़ वाले इलाकों, बैंक और वीआईपी चौक जैसे संवेदनशील स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती की जाए। साथ ही छिनतई करने वाले गिरोह के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए ताकि शहरवासी निर्भीक होकर घूम सकें और उनमें सुरक्षा की भावना लौट सके।






