BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पालोजोरी में खेलेगा भारत, जीतेगा भारत के तहत दूसरे दिन भी उमंग के साथ हुए खेल, मेजर ध्यानचंद को किया याद


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी (देवघर) : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रव्यापी अभियान 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' के तहत पालोजोरी के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में दूसरे दिन शनिवार को भी खेलकूद प्रतियोगिताएं उत्साह के साथ आयोजित हुईं। 

यह तीन दिवसीय अभियान 27 अगस्त से शुरू हुआ है और 30 अगस्त को इसका समापन होगा।

दूसरे दिन सभी स्कूलों में सबसे पहले हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी गई।

इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ के अलावा बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम, लूडो, शतरंज, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। खेल के साथ-साथ बच्चों को फिटनेस की शपथ भी दिलाई गई और मार्च पास्ट भी कराया गया।

पालोजोरी के प्लस टू सिलगढ़िया, प्लस टू सरसा, पीएम श्री स्कूल दुबराजपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोरियो, प्राथमिक विद्यालय कडरासल, मध्य विद्यालय पालोजोरी बालक, बसाहा, उपरबंधा सहित सभी स्कूलों में गतिविधियां हुईं। लोरियो में प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश महाराज, पीएम श्री सरसा में प्रधानाध्यापक सुरेश मंडल और दुबराजपुर में प्रभारी प्रधानाध्यापक सिराजुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में खेल शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

इस संबंध में बीपीओ नारायण मंडल ने बताया कि मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अपने अद्भुत खेल से भारत को लगातार तीन ओलंपिक में गोल्ड मेडल दिलाया था। उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने और बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकें। अंतिम दिन 30 अगस्त को स्वास्थ्य जागरूकता के लिए साइकिल रैली निकाली जाएगी।