मधुपुर में शिष्य-गुरु समारोह में शिक्षकों का सम्मान, श्रीधर क्लासेज में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
• गुरु ज्ञान और संस्कार की पहचान:- निदेशक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : शहर के रामजस रोड स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्रीधर क्लासेज में शनिवार, 05 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिष्य-गुरु समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक अरविंद मिश्रा ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला और शिक्षक दिवस मनाने के उद्देश्य के बारे में छात्रों को विस्तार से बताया।
छात्रों को संबोधित करते हुए निदेशक अरविंद मिश्रा ने कहा कि - "गुरु ही ज्ञान और संस्कार की पहचान हैं।" उन्होंने कहा कि शिक्षक ही देश के नव-निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक शिक्षक ही एक आदर्श छात्र का निर्माण करता है, जो आगे चलकर देश के उज्ज्वल भविष्य और प्रगति का आधार बनता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक को राष्ट्र निर्माता कहा जाता है। प्रलय और निर्माण दोनों उनकी गोद में पलते हैं। शिक्षक वह पाठशाला है जो अपने जीवन में बिना किसी बदलाव की इच्छा रखे, बच्चों को एक अच्छा इंसान बनाने का रास्ता दिखाता है। उनका त्याग और समर्पण अतुलनीय है।
इस दौरान संस्थान के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों ने गीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से अपने गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संस्थान में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
मौके पर संस्थान की छात्रा ज्योति, निशा, समा, विनीता, पूनम, वंश, अंजलि, श्रुति, प्रीति, वैष्णवी, भूमि, साक्षी, अभिजीत, ऋषि, ओंकार, अभिषेक, सूरज, नैंसी, महिमा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।






