• झामुमो जिलाध्यक्ष और महापौर ने गिरिडीह पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' के असामयिक निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।
उनके निधन की खबर से जहां आम जनता मर्माहत है, वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और नेताओं में गहरा शोक है।
मंत्री के निधन की सूचना मिलते ही देवघर से झामुमो के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों का तांता गिरिडीह के मर्सी अस्पताल की ओर लग गया। सभी ने वहां पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
देवघर जिला झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में देवघर के महापौर रवि राउत, उप महापौर टीप चटर्जी, अजय नारायण मिश्रा, सुरेश शाह, तेज नारायण वर्मा, विपिन यादव, दीपक दास सहित दर्जनों कार्यकर्ता रविवार अहले सुबह गिरिडीह के लिए रवाना हो गए।
गिरिडीह पहुंचकर नेताओं ने मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में ग़मगीन माहौल रहा। कई कार्यकर्ताओं की आंखें नम थीं।
झामुमो देवघर जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार 'सोनू' के निधन से झारखंड ने एक संघर्षशील और जन सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि वे जमीनी नेता थे और हमेशा कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में खड़े रहते थे। उनका निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
महापौर रवि राउत ने कहा कि सुदिव्य 'सोनू' जी का जाना पार्टी के लिए बहुत बड़ा झटका है। वे विकास के प्रति समर्पित थे और गिरिडीह के साथ-साथ पूरे राज्य के विकास के लिए सोचते थे।
उप महापौर टीप चटर्जी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री जी का इस तरह अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है। एक दिन पहले तक वे पूरी तरह सक्रिय थे और शिक्षक दिवस के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।
वरीय नेता परिमल सिंह, अजय नारायण मिश्रा और सुरेश शाह ने कहा कि झामुमो ने अपना एक मजबूत स्तंभ खो दिया है। वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक थे।
इसके अलावा देवघर नगर निगम के जोनल चेयरमैन मृत्युंजय राउत, सुनील मंडल, श्रीकांत यादव, पतीलाल मुर्मू, केदार दास, अमरेश ज्योति सहित दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक भी देवघर से गिरिडीह पहुंचे और अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
सभी ने एक स्वर में कहा कि सुदिव्य कुमार 'सोनू' का संघर्ष, सादगी और जनसेवा हमेशा याद रखी जाएगी। उनका योगदान झारखंड की राजनीति में कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।







