BREAKING NEWS

logo

डीसी ने मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण समापन पर ने जताया आभार, सहयोग के लिए आम जनता और प्रशासनिक टीम को सराहा.


रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 
अमित कुमार 

देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने जिले में मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न होने के पश्चात इस सफल आयोजन के पीछे सभी पक्षों के सामूहिक प्रयास और सहयोग की सराहना करते हुए सभी के प्रति अपना आभार प्रकट किया है।  

आगे उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने में स्थानीय नागरिकों, शांति समिति के सम्मानित सदस्यों और विभिन्न ताजिया कमेटियों ने अत्यंत सराहनीय भूमिका निभाई। सभी के सकारात्मक सहयोग के कारण ही ताजिया जुलूस पूरी गरिमा और शांति के साथ अपने गंतव्य तक पहुंचे।  

इसके साथ ही उपायुक्त ने पर्व के दौरान दिन-रात मुस्तैदी से कर्तव्य पथ पर डटे रहने वाले सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बल के जवानों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और पुलिस टीम के आपसी समन्वय और सतर्कता के कारण जिले में हर जगह सुरक्षा व्यवस्था बेहतर व सुदृढ़ बनी रही।  

उपायुक्त ने आम जनता से इसी तरह आपसी भाईचारा, सद्भाव और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देवघर की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए सभी पर्व-त्योहार शांति और सौहार्द के माहौल में मनाना ही हमारी पहचान है। जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी समन्वय के साथ जनहित में कार्य करता रहेगा।