BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बनारस के हरिश्चंद्र घाट पर हुआ अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का अंतिम संस्कार


रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। झारखंड हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का रविवार को बनारस स्थित हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर गोला प्रखंड के बरियातू स्थित पैतृक आवास पहुंचा था। रविवार की सुबह परिजन अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर लेकर बनारस रवाना हुए, जहां हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुष्का के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने मुखाग्नि दी।

पार्थिव शरीर पहुंचते ही मचा कोहराम

शनिवार देर शाम अनुष्का का पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचते ही पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। इस दुख की घड़ी में रामगढ़ विधायक ममता देवी लगातार परिजनों के साथ मौजूद रही और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर दिखी।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन

अनुष्का की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद से ही परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र के लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और फांसी की सजा देने की मांग की है।

22 अक्टूबर को फ्लैट से बरामद हुआ था शव

ज्ञात हो कि 22 अक्टूबर को हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित गुप्ता कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर 304 से पुलिस ने अनुष्का चक्रवर्ती का शव बरामद किया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की थी। मृतका के पिता सुनील राज चक्रवर्ती ने अपने दामाद रूद्र राणा एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। परिजन लगातार शव के साथ हजारीबाग में आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।