देवघर में भारत लेनिन बाबू जगदेव प्रसाद का शहादत दिवस मनाया गया
• सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : झारखंड कुशवाहा महासभा के तत्वावधान में शनिवार को देवघर स्थित कुशवाहा भवन में भारत लेनिन बाबू जगदेव प्रसाद जी का शहादत दिवस श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रघुनाथ प्रसाद वर्मा ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कुशवाहा महासभा के जिलाध्यक्ष चंदन वर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महासभा के प्रवक्ता डी.एन. कांती, उपाध्यक्ष तेज नारायण वर्मा एवं जिला सचिव अरुण मरीक सहित समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबू जगदेव प्रसाद जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंदन वर्मा ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों की बुलंद आवाज थे। उन्होंने अपने जीवनभर सामाजिक गैर-बराबरी, जातीय भेदभाव और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया तथा समाज के दबे-कुचले और वंचित वर्गों को सम्मान एवं अधिकार दिलाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
प्रवक्ता डी.एन. कांती ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद जी ने 'सौ में नब्बे शोषित हैं, नब्बे भाग हमारा है' का नारा देकर पिछड़े और दलित समाज को जागरूक करने का काम किया। उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उपाध्यक्ष तेज नारायण वर्मा ने कहा कि उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखकर सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने की आवश्यकता है। समाज को संगठित होकर शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबू जगदेव प्रसाद जी के संघर्ष, विचार और बलिदान को नमन करते हुए सामाजिक न्याय एवं समानता की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने की शपथ ली।
इस कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में समाज के लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






