BREAKING NEWS

logo

पत्नी संग बाबा बैद्यनाथ दरबार पहुंचे पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

देवघर : झारखंड के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' शनिवार को सपत्नीक बाबा नगरी देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

मंत्री और उनकी धर्मपत्नी मंदिर परिसर पहुंचे, जहां तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संकल्प कराया। इसके बाद दोनों ने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक कामना लिंग बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और झामुमो कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

पूजन के बाद मंदिर कार्यालय में मंदिर प्रभारी सह एसडीएम रवि कुमार और नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने मंत्री दंपती को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ श्राइन बोर्ड की बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को देवघर आना था, लेकिन किसी कारणवश वे नहीं पहुंच सके। 

उनकी अनुपस्थिति में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आला अधिकारियों से श्रावणी मेला-2026 को लेकर कांवरियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं, सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

इस अवसर पर देवघर जिला प्रशासन के अधिकारी और झामुमो के कई कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद थे।