BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बच्ची को डांटने पर बवाल, भैसुर ने महिला को पीटा; सिर फटा


• महागामा थाना में शिकायत

रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : जिले के महागामा थाना क्षेत्र के घाट भागाबांध गांव में एक मामूली सी बात ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। 

बच्ची को लेकर हुए कहासुनी में भैसुर ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान फूलो देवी (40 वर्ष), पति बीरबल साह के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते शाम घर में बच्ची को लेकर परिवार में मामूली विवाद हुआ था। बच्ची को डांटने-समझाने की बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते बात बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान उसके भैसुर यमुना साह ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट में फूलो देवी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सिर से खून बहता देख घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना महागामा थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल महागामा भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस संबंध में पीड़िता ने महागामा थाना में लिखित शिकायत देकर अपने भैसुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के कारण भी कई बार झगड़ा किया है, लेकिन इस बार उसने हद पार कर दी।

इधर, महागामा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले को शांत कराने का प्रयास भी किया है। इस बात को लेकर फिलहाल दोनों पक्षों में तनाव का माहौल है।