नगर विकास मंत्री मंत्री सुदिव्य सोनू ने किया कांवरिया पथ और टेंट सिटी का निरीक्षण, दी गुणवत्तापूर्ण सुविधा की हिदायत
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर विकास, पर्यटन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' ने शनिवार को कांवरिया पथ और विभिन्न सुविधा केंद्रों का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर भी मौजूद थे।
नगर विकास मंत्री ने सबसे पहले बाघमारा स्थित ISBT, फिर कोठिया स्थित टेंट सिटी और वाहन पड़ाव, सरसा और परित्राण पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की अद्यतन स्थिति देखी।
बाद में उन्होंने दुम्मा बॉर्डर से कांवरिया पथ का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सभी जगहों पर पेयजल, शौचालय, स्नानागार, विद्युत, बेरिकेड्स, मोबाइल चार्जिंग, स्वास्थ्य सुविधा, सूचना-सहायता केंद्र, साफ-सफाई और रंग-रोगन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आध्यात्मिक भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि यह श्रद्धालुओं का होल्डिंग प्वाइंट और भीड़ प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है। यहां हॉल में बेड और कारपेट लगवाए जाएं। साथ ही शौचालय, स्नानागार और मोबाइल चार्जर की बेहतर व्यवस्था की जाए।
मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' ने कहा, "स्वच्छता और विनम्रता श्रावणी मेला की मूल संवेदना होनी चाहिए। देश-दुनिया से जो भी आए, वह एक अच्छा संदेश लेकर जाए।"
उन्होंने आगे कहा:
- सफाई एक जगह न होकर पूरे क्षेत्र में लगातार हो.
- पूरे शहर और मेला क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के साथ रोशनी रहे, कहीं अंधेरा न रहे.
- अस्पताल और हेल्थ सेंटर में डॉक्टर तैनात रहें, हर लोकेशन पर एम्बुलेंस रहे.
- NDRF की टीम और प्रशासन आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे.
- सभी थाना और OP संवेदनशील रहें.
- पार्किंग और यातायात में कोई समस्या न आए.
- कांवरिया पथ अतिक्रमण मुक्त और भक्तिमय मनोरंजन की व्यवस्था हो.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, महापौर रवि राउत, उप महापौर, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार, डीटीओ विजय कुमार, डीएसपी ट्रैफिक लक्ष्मण प्रसाद सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।





