BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सीपीसी इंटर कॉलेज मैदान में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दम


रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। प्रखंड के कमता स्थित चंद्रप्रकाश चौधरी इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को प्रखंड स्तरीय 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी शामिल हुए। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर महिला एवं पुरुष वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। सांसद ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगभग सभी प्रखंडों में इस प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया है। होमगार्ड में बहाल होने वाले अभ्यर्थियों को पुलिस बहाली में भी 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलता है। इसके अलावा आर्मी और रेलवे में जाने के अवसर भी मिलते हैं। इसलिए युवाओं को खेल और शारीरिक दक्षता के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है।

दो-तीन दिनों में तैयार किया गया 400 मीटर ट्रैक

सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि कॉलेज के इस मैदान को दो-तीन दिनों में तैयार किया गया है। यहां 400 मीटर का ट्रैक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में रजरप्पा प्रोजेक्ट और अरगड्डा-सिरका में ही 400 मीटर का ट्रैक उपलब्ध है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस मैदान को विकसित किया गया है।

इंटरनेशनल स्तर का मैदान बनाने का प्रयास

चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में इस मैदान को इंटरनेशनल स्तर का मैदान बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

महिला वर्ग में लक्ष्मी और पुरुष वर्ग में लखेंद्र प्रथम

1600 मीटर दौड़ के महिला वर्ग में लक्ष्मी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोनिका कुमारी द्वितीय और मल्लिका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। जबकि पुरुष वर्ग में लखेंद्र कुमार ने प्रथम, प्रदीप कुमार मुंडा ने द्वितीय और बिमल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता अभ्यर्थियों को सांसद ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1000 रुपए की नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

प्रतियोगिता में इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर राम करमाली ने किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य जलेश्वर महतो एवं धनेश्वर महतो, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, समाजसेवी चंदर महतो, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीडी सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार महतो, आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य अशोक कुमार महतो, प्रखंड सचिव नित्यानंद महतो, मुन्ना कुशवाहा, मुकेश सिन्हा, लालटू चंद्रा, राजेश महतो, रूपेश महथा, अंकित कश्यप, विशु रजवार, राहुल कुशवाहा, कुणाल महतो, मुकेश महतो, महेंद्र महतो, नील कमल, जय विजय, कमांडो फिजिकल एकेडमी के संचालक समीर आयुबी, रोमा कुमारी, पंकज साव सहित कई लोग उपस्थित थे।