गढ़वा के पत्रकार रजनीश कुमार उर्फ
बंटी की शुक्रवार की देर रात रमना थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पत्रकारिता जगत सहित उनके परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
सूत्रों के अनुसार रजनीश कुमार शुक्रवार की देर रात अपने ससुराल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रमना थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। रजनीश कुमार उर्फ बंटी गढ़वा में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उनके असामयिक निधन से जिले के पत्रकारों में गहरा शोक है। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव गोधरा में किया जाएगा।
उनके निधन पर गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी गढ़वा जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष विवेकानंद उपाध्याय तथा मेदिनीनगर रांची एक्सप्रेस के ब्योरो चीफ ने गहरा शोक व्यक्त किया। इसके अलावा विनोद पाठक, पीयूष तिवारी, अंजनी उपाध्याय, लव दुबे, प्रताप तिवारी, अभिमन्यु पाठक, जितेंद्र कुमार, आयुष तिवारी, संजय यादव, संदीप जायसवाल, यासीन अंसारी समेत अन्य पत्रकारों एवं सामाजिक लोगों ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।







