BREAKING NEWS

logo

बेंगाबाद बाजार की साफ सफाई के लिए 16 सदस्यीय प्रबंधन समिति गठित


रांची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद 

बेंगाबाद बाजार को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में स्थानीय प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज–2 के तहत दुर्गा मंडप परिसर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और दुकानदारों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में बाजार क्षेत्र में नियमित कचरा संग्रहण, सफाई व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए 16 सदस्यीय बेंगाबाद बाजार प्रबंधन समिति का गठन किया गया। समिति को बाजार और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की संपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में तय किया गया कि पीएचईडी विभाग की ओर से कचरा उठाव के लिए विशेष वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। वाहन के ईंधन एवं सफाई व्यवस्था पर होने वाले अन्य खर्च की पूर्ति के लिए स्थानीय दुकानदारों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। समिति की देखरेख में बेंगाबाद बाजार, मुख्य सड़क किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान चलाया जाएगा।
सफाई कार्य का दायरा महूआर स्थित महिला विद्यालय से फिटकोरिया मोड़ स्थित पेट्रोल पंप तक, बेंगाबाद बाजार से प्रखंड कार्यालय के नीचे तक तथा फुरसोडीह गांव तक निर्धारित किया गया है। समिति इन क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी।
गठित समिति में प्रखंड प्रमुख मीना देवी को अध्यक्ष, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू को सचिव, पीएचईडी के सहायक अभियंता मनीष कुमार को सह सचिव तथा कनीय अभियंता राज आनंद को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं दुकानदारों को समिति का सदस्य बनाया गया है।
बैठक में प्रमुख मीना देवी, बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, सीओ सफी आलम, थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, बेंगाबाद मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह, सुनील यादव,निलेश कुमार,निर्भय कुमार मोदी,प्रवीण वर्मा,रामलाल मंडल, मनोज राम, नकुल दास, संजय राणा, स्थानीय जलसहिया समेत बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे।