BREAKING NEWS

logo

रांची: घर में घुसकर व्यक्ति की हत्या, जांच में जुटी पुलिस


रांची, 22 जुलाई । राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के खोरहाटोली में बुधवार सुबह एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। अपराधियों ने घर में सो रहे रमेश ठाकुर की लोहे के औजार 'पलाश' से सिर पर वार कर हत्या कर दी। परिजनों की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, रमेश ठाकुर मंगलवार रात अपने कमरे में अकेले सो रहे थे। बुधवार सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो उनका शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रमेश ठाकुर के दो मकान एक-दूसरे के समीप स्थित हैं। इनमें से एक मकान किराये पर दिया गया है, जबकि उसी मकान में उन्होंने अपने लिए एक कमरा सुरक्षित रखा था, जहां वह रात में सोते थे। पुलिस किरायेदारों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े थे। हाल के दिनों में वह झाड़-फूंक का काम भी करते थे। पुलिस उनके पुराने विवाद, व्यक्तिगत संबंध और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने लोहे के औजार 'पलाश' से रमेश ठाकुर के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात को मृतक के परिचित लोगों ने अंजाम दिया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।