मुजफ्फरपुर में संपत्ति विवाद में सनसनीखेज वारदात: सगे भाई ने की कारोबारी दंपति की हत्या,बनारस से गिरफ्तार
• मुजफ्फरपुर में कारोबारी दंपति हत्याकांड का पर्दाफाश: संपत्ति विवाद में सगे छोटे भाई ने की थी हत्या।
• तीन महीने बाद मिले शव के अवशेष: आरोपी अनुज वाराणसी से गिरफ्तार,निशानदेही पर कंकाल बरामद।
• सबूत छिपाने की रची साजिश: कार में शव ले जाकर बोचहां में फेंका,पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई।
मुकेश कुमार-स्टेट ब्यूरो चीफ
पटना(बिहार)।बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।संपत्ति और जमीन-जायदाद के लालच में एक सगे भाई ने ही रिश्तों का कत्ल कर दिया।ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से पिछले तीन महीने से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता लैपटॉप कारोबारी मनोज भगत और उनकी पत्नी मीनू देवी की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।कातिल कोई और नहीं,बल्कि कारोबारी का सगा छोटा भाई अनुज निकला।पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से दबोच लिया है और उसकी निशानदेही पर बोचहां से शवों के अवशेष बरामद किए हैं।आपको बता दे कि यह खौफनाक वारदात 19 मई की रात की है।मनोज भगत और उनकी पत्नी अचानक अपने घर से लापता हो गए थे।मोबाइल बंद होने पर बेटी शेफाली को शक हुआ और उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम को कमरे से खून के धब्बे मिले,जिसकी रिपोर्ट ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया।बेटी लगातार अपने चाचा अनुज पर हत्या का आरोप लगा रही थी।जैसे ही पुलिस ने शिकंजा कसा,आरोपी अनुज भी अचानक शहर छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को बनारस से गिरफ्तार किया।पूछताछ में जो सच सामने आया,उसने हर किसी को हिलाकर रख दिया।वारदात की रात आरोपी अनुज अपनी भाभी की गला दबाकर हत्या कर रहा था।चीख सुनकर जब बड़ा भाई मनोज बचाने पहुंचा,तो अनुज ने पास रखी भारी मूर्ति से उनके सिर पर वार कर दिया,जिससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को कार में लादकर दरभंगा रोड स्थित बोचहां में फेंक दिया और वापस आकर परिजनों के सामने घड़ियाली आंसू बहाता रहा।इस मामले एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि गुमशुदगी की जांच के दौरान फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।अभियुक्त को वाराणसी से गिरफ्तार किया गया है।उसकी निशानदेही पर कंकाल के अवशेष बरामद कर डीएनए जांच के लिए भेजे गए हैं।आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।





