BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारनेट नेटवर्क समस्या पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया तत्काल संज्ञान


पलामू : मेदिनीनगर सदर अंचल में झारनेट नेटवर्क की गंभीर समस्या के कारण पूरे सदर प्रखंड का कार्य प्रभावित हो रहा है। नेटवर्क बाधित रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं विभिन्न विभागीय एवं सरकारी कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। इस समस्या से पदाधिकारी भी परेशान हैं और अपनी लाचारी व्यक्त कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारनेट नेटवर्क की समस्या को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का सोशल मीडिया के द्वारा आग्रह किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उपायुक्त, पलामू को आवश्यक कार्रवाई करने एवं व्यवस्था में सुधार कर इसकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सन्नी शुक्ला ने बताया कि सदर अंचल में झारनेट नेटवर्क की समस्या के कारण बड़ी आबादी के जरूरी कार्यों में लगातार रुकावट आ रही थी। कई दिनों से प्रयास किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। इसे देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए आग्रह किया। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन  जनता की समस्याओं के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। मेरे आग्रह पर उन्होंने तत्काल इस मामले का संज्ञान लिया और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मुझे विश्वास है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।” मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सदर अंचल में झारनेट नेटवर्क की समस्या का शीघ्र समाधान होगा। इससे आम जनता के साथ-साथ सरकारी एवं विभागीय कार्यों में आ रही बाधा भी दूर होगी और लंबे समय से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।